विवाहिता फांसी के फंदे पर झूली
मनियर (बलिया) । मनियर थाना क्षेत्र के मनियर कस्बे के बड़ी बाजार वार्ड नंबर 9 में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर झूल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। विवाहिता की शादी करीब डेढ़ साल पूर्व हुई थी। कोई संतान नहीं है।
मनियर कस्बे के बड़ी बाजार निवासिनी नेहा देवी उम्र लगभग 25वर्ष पत्नी श्रवण कुमार ने सोमवार की सुबह करीब 7:45 बजे फांसी के फंदे पर झूल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली जब उसका पति शौचालय में शौच करने गया हुआ था तथा माता-पिता नवका ब्रह्म स्थान पर पूजा करने गए हुए थे ।
घटना के विषय में बताया जा रहा है कि शौच के बाद जब पति अपने रूम में आया तो देखा कि उसकी पत्नी नेहा फांसी के फंदे पर दुपट्टे से झूली हुई है तो वह शोर मचाया।आसपास के लोग पहुंचे तथा फांसी के फंदे से निकाल कर उसे एक डॉक्टर के यहां ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। विवाहिता के परिवार के लोगों से कुछ अनबन चल रही थी जिसकी पंचायत 2 दिन पूर्व हुई थी।
मनोज कुमार गुप्ता निवासी मोहम्मदपुर कसेसर थाना भीमपुर नम्बर एक जनपद बलिया की लड़की नेहा की शादी स्थानीय श्रवण कुमार पुत्र शिवजी गुप्ता के साथ दिसंबर 2020 में हुई थी। मायके पक्ष की उपस्थिति में सीओ बाँसडीह राजेश तिवारी एवं नायब तहसीलदार अंजू यादव, एस एच ओ मनियर आरआर यादव की मौजूदगी में शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के पिता मनोज कुमार गुप्ता ने पति श्रवण कुमार एवं सास उर्मिला देवी के विरुद्ध एक लाख रुपए के दहेज के लिए प्रताड़ित करने एवं मारपीट करने का आरोप लगाया है। मृतका का पति नगर पंचायत कार्यालय का संविदा कर्मचारी है।
रिपोर्ट - वीरेंद्र सिंह

No comments