अलाव न जलने से ग्रामीणों में आक्रोश
सिकंदरपुर (बलिया)-शीतलहरी और कड़ाके की ठंड से लोगों का जनजीवन बेहाल होने लगा है। वही अब तक प्रशासन स्तर से अलाव के इंतजाम नहीं किए जाने से ग्रामीणों में काफ़ी आक्रोश है।अभी भी सिकन्दरपुर के कई गांवों में अलाव की कोई व्यवस्था नही कराई गई है। जिससे बाजारवासियों और वहां आने वाले लोगों में काफी नाराजगी है। लोगों ने अलाव जलाने की मांग की है। क्षेत्र के कई गांव के लोग रोजाना ख़रीददारी करने के लिए आते हैं। वहीं ठंड से बचने के लिए चाय की दुकानों पर बनी कोयले की भठ्ठियों का सहारा लेने पर विवश होते हैं। इसी क्रम में सिकंदरपुर के वार्ड नंबर 2 ग्राम मुड़ियापुर के ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए बताया की इस वर्ष ठंड आखिरी चरम पर है। लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नजर नही आ रही है। जनप्रतिनिधि भी ध्यान नहीं दे रहे हैं । ठंडी से परेशान लोगों की सुधि लेने वाला कोई नही है।इतनी भयंकर शीत लहर, गलन और ठंड के बावजूद भी वार्ड नं 2 मुड़ियापुर में अलाव नहीं जलने से लोगों का जन-जीवन अस्त-व्यस्त है।वही फोन करने पर सिकंदरपुर अधिशासी अधिकारी अरुण कुमार यादव ने कहा कि कुछ जगहों पर अलाव की व्यवस्था करा दी गई है। बाकी जो वार्ड बचे हैं,उनमें भी जल्द से जल्द अलाव की व्यवस्था कराई जा रही है।इस दौरान दिलन राजभर, रुग्धी देवी,देवंती देवी, कुसमावती देवी,सुधा देवी,पारस कुमार, महेश राज,शिवनाथ, कन्हैया राजभर आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट - शैलेन्द्र गुप्ता
No comments